
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आरटीई (Right to Education) के तहत बच्चों के प्रवेश प्रक्रिया में लापरवाही का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और लंबित प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की।सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर में करीब 9600 बच्चों के एडमिशन होने थे, लेकिन अब तक केवल लगभग 4000 बच्चों का ही प्रवेश हो सका है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे अभी भी शिक्षा से वंचित हैं।सपा नेताओं का आरोप है कि कई स्कूलों ने अभिभावकों को यह कहकर वापस कर दिया कि सर्वर काम नहीं कर रहा है, जिससे पात्र बच्चों के प्रवेश में देरी हुई। पार्टी ने मांग की कि शेष लगभग 5600 बच्चों के प्रवेश जल्द पूरे किए जाएं और पूरी प्रक्रिया की जांच कराई जाए।प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते समय पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।