
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर में संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रतनलाल नगर मंडल में नई जिम्मेदारी तय की गई है। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने मंडल अध्यक्ष सुमित पावा के स्वास्थ्य कारणों से संगठन को पूरा समय नहीं दे पाने के चलते संतोष सिंह को रतनलाल नगर मंडल का संयोजक मनोनीत किया है। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि संतोष सिंह अपने अनुभव, कार्यकुशलता और संगठनात्मक क्षमता के बल पर मंडल में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि संतोष सिंह वर्तमान में रतनलाल नगर मंडल के उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संतोष सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। भाजपा ने इसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।