news-details

रसोई में फंदे पर लटका मिला युवक

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Farukhabad

मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र स्थित नैनिया नगला गांव में मंगलवार सुबह 23 वर्षीय अनुज शाक्य का शव घर की रसोई में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, अनुज टेंट हाउस और डीजे का काम करता था। सोमवार रात तक वह घर पर ही था, लेकिन सुबह उसका शव रसोई में कुंडी से लटका मिला। करीब सात महीने पहले उसने एटा जिले की युवती से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही परिवार में विवाद चल रहा था और उसकी पत्नी हाल ही में मायके से लौटकर आई थी।

घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने संदेह जताया है। बड़े भाई का आरोप है कि शरीर पर चोट के निशान और खून मिलने से मामला संदिग्ध लग रहा है और यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है।

मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।