
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की जिला इकाई द्वारा जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी ने फीता काटकर किया। बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।कार्यक्रम में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के समय में रक्तदान सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं को समाज का सच्चा सेवक बताया।शिविर में राहुल जैन और रजनीश जैन ने सबसे पहले रक्तदान कर अभियान की शुरुआत की। वहीं संयोजक सचिन चतुर्वेदी ने 53वीं बार रक्तदान कर मिसाल पेश की। अभिषेक सिंह ने 45वीं, डॉ. दिनेश दीक्षित ने 20वीं और पन्नालाल धुरिया ने 10वीं बार रक्तदान किया।रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और रेडक्रास पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।