news-details

रिटायर्ड एआरटीओ के घर विजिलेंस का बड़ा छापा

You can share this post!

13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ नकद बरामद

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, हीरे के आभूषण और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। करीब 26 घंटे तक चली तलाशी के दौरान बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।विजिलेंस टीम ने अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद लखनऊ के अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी में स्थित आवास पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के विभिन्न कमरों और दीवारों में छिपाकर रखे गए करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे के आभूषण मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।जांच के दौरान टीम को लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित मकानों, फ्लैटों, प्लॉटों और कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज भी मिले। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 13 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई थी। जांच में उनकी कुल वैध आय 93.26 लाख रुपये पाई गई, जबकि चल-अचल संपत्तियों की खरीद, रखरखाव और अन्य मदों पर 1.61 करोड़ रुपये से अधिक खर्च सामने आया। इस प्रकार उन्होंने अपनी वैध आय से 68.66 लाख रुपये (करीब 73.6 प्रतिशत) अधिक खर्च किया। पूछताछ के दौरान वह इस अतिरिक्त संपत्ति और खर्च का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।जांच एजेंसी के मुताबिक, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच पहले से चल रही थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।विजिलेंस का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।