news-details

राष्ट्रीय पोलियो अभियान का शुभारंभ

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत रविवार को जनपद कुशीनगर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का संकल्प दोहराया।कसया स्थित सरकारी अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रप्रकाश एवं डॉ. मुकेश यादव ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि "दो बूंद जिंदगी की" बच्चों को आजीवन पोलियो से सुरक्षित रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण के साथ-साथ पल्स पोलियो अभियान में प्रत्येक बच्चे की भागीदारी आवश्यक है। वहीं डॉ. युनुस ने कहा कि जब तक हर बच्चा पोलियो की दवा नहीं लेगा, तब तक पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को स्थायी रूप से बनाए रखना संभव नहीं होगा।अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष पांडेय, डॉ. यूसुफ अंसारी, डॉ. स्नेहा कुमारी, डॉ. अनामिका, फार्मासिस्ट संजय राय, बशीर अहमद, विनोद शाह, राकेश पांडेय, प्रकाश कुमार, प्रेम कुमार, एएनएम, स्टाफ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर जाकर भी छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रह जाए।