news-details

रामपुर जंगल ग्राम सभा में विकास कार्यों की खुली पोल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। ब्लॉक खड्डा क्षेत्र की ग्राम सभा रामपुर जंगल में विकास कार्यों की स्थिति बदहाल नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बने सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन और आरसीसी सेंटर की हालत जर्जर हो चुकी है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार सामुदायिक शौचालय बाहर से साफ-सुथरा दिखाई देता है, लेकिन अंदर की स्थिति बेहद खराब है। शौचालय के कई हिस्से टूट चुके हैं और रखरखाव के अभाव में इसका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय के केयरटेकर को पिछले सात माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण साफ-सफाई और देखरेख की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।गांव का आरसीसी सेंटर भी बदहाल स्थिति में है। समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से भवन जर्जर होता जा रहा है। वहीं पंचायत भवन अधिकांश समय बंद रहने का आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए आने वाले लोगों को कई बार बिना काम के वापस लौटना पड़ता है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पंचायत भवन परिसर की बाउंड्रीवाल के अंदर घास-फूस और झाड़ियां उग आई हैं, जिससे परिसर में गंदगी का माहौल बना हुआ है। परिसर में बना शौचालय भी लंबे समय से खराब पड़ा है और उपयोग के लायक नहीं रह गया है।ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, आरसीसी सेंटर और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की मरम्मत एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब विकास कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए।