news-details

रामलीला मैदान में कूड़ा डंपिंग का विरोध

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर के रामलीला मैदान को कूड़ा डंपिंग स्थल बनाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष और भाजपा नेता महेश सोनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर रामलीला मैदान से कूड़ा हटाने की मांग की।महेश सोनी ने कहा कि रामलीला मैदान सार्वजनिक संपत्ति और शहर की धरोहर है। पिछले करीब दो वर्षों से नगर पंचायत द्वारा यहां कूड़ा डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि मैदान के आसपास शिव प्रताप इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जहां हजारों बच्चे प्रतिदिन पढ़ने आते हैं। कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।व्यापारियों ने प्रशासन से कूड़ा डंपिंग तत्काल बंद कराने और मैदान को साफ कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।इस दौरान विहिप के जिला कोषाध्यक्ष रामजी अग्रहरि, राजू अग्रहरि, विकास प्रधान, पवन समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।