
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम बैजूपुरवा के पास रामगंगा नहर में एक युवक का शव बहता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। युवक के दाहिने हाथ पर “Kajal” नाम गुदा हुआ है, जबकि हाथ पर तीन स्टार का टैटू भी बना है। प्रारंभिक जांच में शव मुस्लिम समुदाय से संबंधित प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने आसपास के थानों में फोटो भेजकर पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।सेन पश्चिम पारा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।