

कानपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा शुक्रवार को कानपुर पहुंचे, जहां भारतीय जनता पार्टी ने 1975 में लगाए गए आपातकाल की बरसी को 'संविधान हत्या दिवस' के रूप में मनाया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में दिनेश शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और आपातकाल को लेकर विपक्ष को घेरा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिनेश शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को चोट पहुंचाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब ऐसे दौर को भूलने वाली नहीं है।

उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता विकास और राष्ट्रहित के मुद्दों पर भाजपा के साथ खड़ी है।विपक्ष पर निशाना साधते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि अब कई नेताओं को भगवान राम की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले राम मंदिर जाने से दूरी बनाते थे, वही अब दर्शन करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले कुछ नेता रामलला के दर्शन को लेकर अलग रुख रखते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, अनिल दीक्षित, उपेंद्र पासवान, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, अरुण पाठक, रघुनंदन भदौरिया, सुरेश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।