
पारदर्शी विकाश न्यूज़ अयोध्या / लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की राशि गायब मिली है। उन्होंने इसे करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार और ट्रस्ट की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है तथा न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।वहीं, अयोध्या के पूर्व विधायक Pawan Pandey ने भी चढ़ावे में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि 5 से 7.5 करोड़ रुपये तक की रकम में अनियमितता हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप गलत हैं तो ट्रस्ट को सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और यदि मामला सही है तो दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए। पवन पांडेय ने यह भी मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए।राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती बैंक कर्मचारियों और ट्रस्ट प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीसीटीवी निगरानी के बीच की जाती है। प्राप्त धनराशि को रजिस्टर में दर्ज करने के बाद बैंक खाते में जमा कराया जाता है। दिसंबर 2025 में हुई ट्रस्ट की बैठक में बताया गया था कि मंदिर निर्माण और अन्य कार्यों पर अब तक 2,475 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि ट्रस्ट को कुल 4,575 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी। फिलहाल आरोपों पर ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।