
Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat
कानपुर देहात के राजपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन लीकेज होने से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। मामला अटल नगर वार्ड का है, जहां काफी समय से पाइपलाइन फटी होने के कारण स्वच्छ पानी सड़कों और नालियों में बह रहा है। समस्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायत कई बार संबंधित कर्मचारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार पानी बहने से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही कई घरों तक पानी की पूरी सप्लाई भी नहीं पहुंच पा रही है।
निवासी दुलारे, जीतू, नेम, सलमान, रवि, शिवम और लईक खान ने बताया कि प्रशासन की अनदेखी से लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत हो जाती तो पानी की बर्बादी रोकी जा सकती थी।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नीति त्रिपाठी ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज की जानकारी मिली है। जल्द ही टीम भेजकर मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके।