
PARDARSHI VIKASH NEWS भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। अधिसूचना के मुताबिक खाली सीटों के लिए 8 जून 2026 तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 जून तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।मध्य प्रदेश में इस बार तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, क्योंकि मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है। इनमें कांग्रेस के दिग्विजय सिंह और बीजेपी से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन व डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं। दिग्विजय सिंह पहले ही चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं, जिससे कांग्रेस के लिए उम्मीदवार चयन और संख्या बल जुटाना चुनौती बन गया है। पार्टी के संभावित नामों में कमलनाथ, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा जैसे नेता शामिल हैं।विधानसभा में मौजूदा समीकरणों के अनुसार बीजेपी के पास स्पष्ट बढ़त है, जबकि कांग्रेस के पास सीमित संख्या बल है। कुछ विधायकों की स्थिति अस्थिर होने और एक सीट रिक्त रहने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।बीजेपी की ओर से जॉर्ज कुरियन को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है। वे केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं। पेशे से वकील कुरियन पहले भी राज्यसभा के उपचुनाव के जरिए मध्य प्रदेश से उच्च सदन पहुंच चुके हैं और पार्टी के वरिष्ठ व भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं।