
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपनी विधानसभा क्षेत्र की मैथा तहसील में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी मंत्री ने एक-एक कर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली।जनसुनवाई में जमीन विवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलना, सड़क, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर गरीब, किसान, महिला और जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी पात्र व्यक्ति को वंचित न रखा जाए।मंत्री ने स्पष्ट किया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।