
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश को करीब चार वर्षों के इंतजार के बाद स्थाई पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मिलने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान कार्यवाहक डीजीपी राजीव कृष्ण को राज्य का नया स्थाई डीजीपी बनाए जाने की संभावना है। राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर सकती है।1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण ने 1 जून 2025 को कार्यवाहक डीजीपी का पदभार संभाला था। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की गाइडलाइन और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, स्थाई डीजीपी नियुक्त होने पर उनका कार्यकाल न्यूनतम दो वर्ष का होगा।स्थाई डीजीपी के चयन के लिए यूपी सरकार ने 19 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे। 26 मई को दिल्ली में हुई चयन समिति की बैठक में रेणुका मिश्रा, पीयूष आनंद और राजीव कृष्ण के नामों का पैनल तैयार किया गया। इसके बाद यह पैनल राज्य सरकार को भेज दिया गया।राजीव कृष्ण का पुलिस सेवा में लंबा अनुभव रहा है। वह फिरोजाबाद, इटावा, मथुरा, आगरा, लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और बरेली समेत कई महत्वपूर्ण जिलों में एसपी और एसएसपी रह चुके हैं। इसके अलावा मेरठ रेंज के आईजी, लखनऊ और आगरा जोन के एडीजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।गौरतलब है कि मई 2022 में तत्कालीन डीजीपी मुकुल गोयल के हटने के बाद से उत्तर प्रदेश में केवल कार्यवाहक डीजीपी ही नियुक्त किए जाते रहे हैं। राजीव कृष्ण की नियुक्ति के साथ प्रदेश को चार साल बाद पूर्णकालिक डीजीपी मिलने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।