
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में जानकीपुरम एक्सटेंशन स्थित रोहित ग्रैंड सोसाइटी में 88वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को घर के निकट विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, वजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की और मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयों का वितरण किया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत 50 लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।शिविर में करीब 150 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया। मौसमी बीमारियों, जोड़ों के दर्द, बुखार, कमर दर्द, बदन दर्द और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। लाभार्थियों में सपना, रेणु, ऊषा देवी, राहुल, रामसेवक, सीता सहित कई लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।डॉक्टरों की टीम ने लोगों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।स्थानीय निवासियों ने शिविर की सराहना करते हुए बोरा फाउंडेशन और सेवा अस्पताल का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन लगातार किया जाएगा।