news-details

रिंग रोड निर्माण के लिए चली बुलडोजर कार्रवाई

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के कड़ेड पतारी गांव में प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए बुधवार को प्रशासन ने अवरोधक निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान रिंग रोड के मार्ग में आ रहे मकानों और अन्य ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। मौके पर राजस्व विभाग और पुलिस की टीमें तैनात रहीं, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान कई प्रभावित परिवारों ने पहले ही अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था, जबकि कुछ लोगों को कार्रवाई के दौरान घरों से सामान निकालना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से जुड़े सभी प्रभावितों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही कार्रवाई की गई।सदर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। टीम में कानूनगो अरविंद श्रीवास्तव तथा लेखपाल सत्यम शुक्ला, मनीष शुक्ला और मनोज यादव शामिल रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।अधिकारियों के अनुसार रिंग रोड परियोजना जिले की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। ग्राम प्रधान मनोज ने भी ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि रिंग रोड बनने से क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधाओं को नई गति मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किए जा रहे हैं।