
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ रोडवेज कार्यशाला में एक महिला परिचालक ने चेकिंग पटल पर तैनात लिपिक बलवीर पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लिपिक को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है, जब टिकट और बैग जारी कराने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लिपिक ने महिला परिचालक के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत मिलने के बाद फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, रोडवेज कार्यशाला के कई कर्मचारी उसके समर्थन में कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान कर्मचारियों ने लिपिक की कार्यशैली का हवाला देते हुए मामले में नरमी बरतने की मांग की। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि महिला परिचालक की शिकायत के आधार पर मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, फतेहगढ़ कोतवाल तेज सिंह ने बताया कि आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है और पुलिस के साथ-साथ विभाग भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है।