news-details

पटना में गंगा नदी में नाव पलटी, 3 की मौत, 4 लापता

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में यात्रियों से भरी नाव पलटने से 3 लोगों की डूबकर मौत हो गई, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ इलाके की है।जानकारी के अनुसार नाव पर करीब 14 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग मासूमगंज बिंद टोली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30), श्रवण महतो (36) और उनके बेटे काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।बताया जा रहा है कि सभी लोग समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा क्षेत्र से खेती और सब्जी का काम करके लौट रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में तेज हवा और अधिक भार के कारण नाव अचानक डगमगाने लगी और पलट गई। नाव पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे।हादसे के बाद स्थानीय मल्लाहों और गोताखोरों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और परिजनों में कोहराम मच गया।