
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। कसया नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति से विवाद के बाद घर छोड़कर निकली महिला सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान नगमा खातून (25) पत्नी हफिजुल्लाह के रूप में हुई है। हफिजुल्लाह बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के ठकराह थाना क्षेत्र के शेख पट्टी भूई धरवार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वर्तमान में वह अपनी दूसरी पत्नी नगमा खातून के साथ फाजिलनगर क्षेत्र के लक्षिया में किराए के मकान में रह रहे थे।जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के बाद नगमा खातून घर छोड़कर कसया आ गई थीं। उनके पीछे-पीछे पति हफिजुल्लाह भी कसया पहुंच गए थे।बताया जाता है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नगमा खातून धुरिया मोड़ से लगभग 200 मीटर पूर्व ओवरब्रिज के पूर्वी छोर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पार कर रही थीं। इसी दौरान गोरखपुर से बिहार की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि नगमा खातून की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।हाइवे चौकी के दीवान राजेश चौबे ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।