news-details

पत्रकार सुरक्षा कानून की उठी मांग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (एबीपीएसएस) तहसील इकाई खड्डा, कुशीनगर द्वारा खड्डा में प्रेस क्लब की स्थापना एवं पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को विधायक विवेकानंद पांडेय को पत्रक सौंपा गया।यह कार्यक्रम संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिग्नेश कलवाड़ियां एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रताप नारायण सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हृदया नन्द शर्मा तथा तहसील अध्यक्ष खड्डा उग्रसेन कुमार गुप्ता सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।पत्रक में खड्डा उपनगर में प्रेस क्लब हेतु भूमि उपलब्ध कराकर भवन निर्माण की मांग की गई। पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में प्रेस क्लब जैसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को समाचार संकलन, संपादन एवं आपसी संवाद में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब की स्थापना से पत्रकारों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वे सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, विकास, शिक्षा, विज्ञान, खेलकूद एवं जनहित से जुड़े विषयों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर सकेंगे और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में योगदान दे सकेंगे।साथ ही पत्रकारों ने विधानसभा स्तर पर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग उठाते हुए कहा कि समाचार संकलन के दौरान कई बार पत्रकारों को जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।इस पर विधायक विवेकानंद पांडेय ने आश्वस्त किया कि खड्डा में शीघ्र ही प्रेस क्लब की स्थापना की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और सरकार उनके मान-सम्मान एवं अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून के मुद्दे को वे मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे और इस दिशा में सार्थक पहल की जाएगी।इस अवसर पर जिला कार्य समिति सदस्य संदीप कुमार सिंह, पन्नालाल यदुवंशी, मो. हिदायत, अभय राय, राहुल गुप्ता, केशव गुप्ता, साबिर, शैलेश यदुवंशी, आनंद सिंह, दिवाकर कुमार, मो. मुबारक, मो. अल्ताफ हुसैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।