
पारदर्शी विकास न्यूज़ अयोध्या। गोसाईंगंज क्षेत्र के गौहनिया पंडित का पुरवा गांव निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शनिवार को एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। सड़क हादसे में पति, पत्नी और उनके 10 वर्षीय बेटे की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सुरेंद्र कुमार अपनी पत्नी और 10 वर्षीय बेटे के साथ बाइक से अंबेडकरनगर जा रहे थे। रास्ते में अहिरौली थाना क्षेत्र के अन्नावा बाजार के पास पियारेपुर गांव के निकट हुए भीषण सड़क हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर दिलासीगंज श्मशान घाट पर तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। मृतक सुरेंद्र के पिता जियाराम ने एक ही चिता को मुखाग्नि दी। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।