
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पत्नी के मायके चले जाने से मानसिक तनाव में चल रहे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इंदिरा नगर राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी राम सिंह के पुत्र जीतू (30) का अपनी पत्नी उर्वशी उर्फ निशा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार करीब चार माह पहले पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी और तब से वापस नहीं लौटी थी। जीतू लगातार उसे वापस घर लाने का प्रयास कर रहा था और अक्सर फोन पर बातचीत करता था।परिवार के मुताबिक शनिवार देर रात भी जीतू ने पत्नी को फोन कर घर लौटने के लिए कहा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद वह काफी परेशान और तनावग्रस्त दिखाई दे रहा था।रविवार सुबह जब परिजन जागे तो जीतू के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने खिड़की से अंदर देखा। वहां जीतू का शव पंखे से लटका मिला। यह देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और घर में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।कार्यवाहक थाना प्रभारी रईस अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। परिजनों ने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।