
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। चिनहट क्षेत्र में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचा पति ही उसकी हत्या का आरोपी निकला। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने प्रेम प्रसंग के शक में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने और शव इंदिरा डैम किनारे फेंकने की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक, बाराबंकी निवासी अल्ताफ उर्फ कल्लू अपनी पत्नी यासमीन के साथ चिनहट क्षेत्र में रह रहा था। गुरुवार को उसने पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के एक करीबी रिश्तेदार से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने कबूल किया कि 4 मई की रात गुस्से में उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।हत्या के बाद उसने शव को बैटरी रिक्शा में रखकर इंदिरा डैम के पास फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।