
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र में सोमवार को एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद पूरा मकान ढह गया और मलबा चारों ओर बिखर गया।हादसे में 22 वर्षीय युवती मारिया की मौत हो गई, जबकि एक युवक मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, SDRF और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।पुलिस के अनुसार यह फैक्ट्री ग्राम देवती निवासी मो. शफीक की है, जो लाइसेंसी रूप से संचालित थी और गांव से बाहर स्थित थी। विस्फोट के समय परिसर में लगभग 3 से 4 किलो बारूद मौजूद था। शुरुआती जांच में किसी अन्य के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में फैक्ट्री पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई।प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर जांच कर रही हैं। विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि पूरे इलाके को सुरक्षा की दृष्टि से निगरानी में रखा गया है।