
PARDARSHI VIKASH NEWS West Bengal सरकार ने अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के तहत आने वाले सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य कर दिया है। 19 मई को जारी आदेश के अनुसार यह नियम सरकारी मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त सभी मदरसों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा। अब हर दिन कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम’ गाना जरूरी होगा। इससे पहले मदरसों में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और कवि गुलाम मुस्तफा का बांग्ला गीत ‘अनंत असीम प्रेममय तुमी’ गाया जाता था। सरकार ने सभी संस्थानों से आदेश लागू होने की रिपोर्ट भी विभाग को सौंपने को कहा है। मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari के पद संभालने के बाद राज्य सरकार ने कई बड़े प्रशासनिक और नीतिगत फैसले लिए हैं, जिनमें सीमा सुरक्षा के लिए BSF को जमीन देना, CAA प्रक्रिया शुरू करना, आयुष्मान भारत लागू करना, सरकारी नौकरियों में आयु सीमा में छूट और नए आपराधिक कानूनों को अपनाना शामिल है। इसके अलावा धर्म आधारित वित्तीय सहायता योजनाओं को बंद करने और महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा योजना’ शुरू करने का भी फैसला लिया गया है। वहीं केंद्र सरकार ने भी इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिनमें कहा गया कि यदि ‘वंदे मातरम’ और ‘जन गण मन’ दोनों गाए जाएं तो पहले ‘वंदे मातरम’ प्रस्तुत किया जाएगा।