news-details

परवरपार शिवमंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो 

रामकोला, कुशीनगर। सावन मास के दूसरे सोमवार को रामकोला विकासखंड के ग्राम सभा परवरपार स्थित अति प्राचीन शिवमंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर सर्वजीव फाउंडेशन की ओर से शिवभक्तों की सेवा के लिए प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ प्रसाद वितरण शाम छह बजे तक अनवरत चलता रहा। फाउंडेशन की ओर से हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को हलवा और फलाहार का प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संस्था के कार्यकर्ता पूरे समय व्यवस्था में जुटे रहे।

सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजकों ने बताया कि सावन मास में परवरपार के प्राचीन शिवमंदिर में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शिवभक्तों की सेवा और धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन की ओर से प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। प्रसाद ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के सदस्यों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्य विकास, विवेक सिंह, आनंद कुमार, मुलायम यादव, चंदन, शुभम शौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।