news-details

पराग डेयरी परिसर में आग, एक घंटे में काबू

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

 हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित पराग डेयरी परिसर में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि परिसर में मरम्मत कार्य के दौरान लोहे के एंगल काटते समय उठी चिंगारी डीजल पाइप पर जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलने लगीं। घटना के समय परिसर में मौजूद ठेकेदारों और कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बढ़ती देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर स्टेशन अधिकारी राम कुमार सिंह ने बताया कि प्रखर नामक व्यक्ति को स्क्रब का काम दिया गया था। कार्य के दौरान अचानक डीजल पाइप में आग लग गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी। दमकल कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए आग को फैलने से रोक दिया। घटना के दौरान सुरक्षा कारणों से मीडिया कर्मियों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। वहीं हूटर बजाती एक थार गाड़ी से कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जिसकी गाड़ी पर एक्सपायरी विधानसभा पास लगा होने की चर्चा रही। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।