
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जिले के पडरौना शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए अब एक बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है। शहर में गंडक नहर पर एक नए पुल का निर्माण कराया जाएगा, वहीं गायत्री मंदिर स्थित मौजूदा पुल को दो लेन से चार लेन में विस्तारित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना की जानकारी राज्यसभा सांसद RPN सिंह ने दी है।पडरौना शहर में लंबे समय से गंडक नहर पर एक अतिरिक्त पुल की मांग उठती रही है। वर्तमान में गायत्री मंदिर के समीप स्थित पुल पर भारी वाहनों, स्कूली बसों और बाजार आने-जाने वाले लोगों का अत्यधिक दबाव रहता है। सुबह और शाम के समय यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।अब नए पुल के निर्माण और पुराने पुल के चौड़ीकरण से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। सांसद आरपीएन सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि पडरौना के विकास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गायत्री मंदिर स्थित पुल को 2-लेन से 4-लेन में परिवर्तित करने तथा नए निर्माण कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।सांसद ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को नई गति देगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी मजबूती प्रदान करेगी।स्थानीय लोगों का मानना है कि नए पुल के निर्माण और मौजूदा पुल के चौड़ीकरण से पडरौना शहर को लंबे समय से लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था भी पहले से अधिक सुगम और बेहतर हो सकेगी।