news-details

पात्र लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता

You can share this post!

 

कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो

माननीय जिला जज संजीव कुमार त्यागी के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के तत्वावधान में शुक्रवार को ग्राम पंचायत प्रसादपुर, विकासखंड पडरौना के सचिवालय परिसर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित योजनाओं, महिलाओं के अधिकार एवं कानून, स्थायी लोक अदालत, गरीबी उन्मूलन योजनाओं तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर ग्रामीणों को विधिक जानकारी दी गई।शिविर की अध्यक्षता करते हुए अपर जज सीनियर डिवीजन/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर भुवन श्रीवास्तव ने कहा कि प्राधिकरण प्रत्येक पात्र एवं वंचित व्यक्ति को निःशुल्क विधिक सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महिला, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, जेल में निरुद्ध बंदी, आपदा पीड़ित, एचआईवी संक्रमित व्यक्ति, किन्नर समाज, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोग, तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले पात्र व्यक्ति, बंधुआ मजदूरी से पीड़ित, एसिड अटैक पीड़ित तथा औद्योगिक कर्मियों समेत विभिन्न पात्र वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्थायी लोक अदालत, लोक अदालत, पैरा लीगल वालंटियर (PLV), मध्यस्थता तथा पैनल अधिवक्ताओं के माध्यम से मिलने वाली विधिक सेवाओं की प्रक्रिया भी समझाई।कार्यक्रम का संचालन रामवृक्ष गिरी ने किया। उन्होंने श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। नलिन सिंह ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं और महिलाओं के अधिकारों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया।ग्राम प्रधान पंकज गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर न्याय मित्र अभिमन्यु सिंह, डिम्पल उपाध्याय, विजय मिश्रा, रीता यादव (वन स्टॉप सेंटर), पंचायत सहायक प्रवीण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।