news-details

पेट्रोल-डीजल पर्याप्त, अफवाहों से बचे:जिलाधिकारी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बीच जनपद कुशीनगर में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या घबराहट की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखते हुए अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।बीते दो दिनों से पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहों के चलते पेट्रोल पम्पों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ गई है। बड़ी संख्या में लोग प्लास्टिक की बोतलों, गैलनों और ड्रमों में ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं। मना करने पर कर्मचारियों से दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोलियम रूल्स, 2002 के तहत प्लास्टिक जरीकैन, बोतलों या ड्रमों में पेट्रोल-डीजल का भंडारण और आपूर्ति प्रतिबंधित है। यह दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। ईंधन केवल मानक एवं स्वीकृत पात्रों में ही रखा जा सकता है और पेट्रोल पम्पों पर आपूर्ति सिर्फ वाहनों के ईंधन टैंक में ही की जाएगी।स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने सभी पेट्रोल पम्पों पर पर्यवेक्षक और पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी है। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर नियमों का पालन सुनिश्चित कर रहे हैं, साथ ही आमजन को जागरूक भी कर रहे हैं कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अपील करते हुए कहा कि आमजन किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। उन्होंने पेट्रोल पम्पों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की भी अपील की है। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के सभी पेट्रोल पम्पों पर तैनात 171 पर्यवेक्षक एवं पुलिस अधिकारी नियमित निगरानी कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जमाखोरी या नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।