
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश पीसीएस (कार्यकारी शाखा) एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में संगठन के रिक्त पदों को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सर्वसम्मति से विश्व भूषण मिश्र को अध्यक्ष और डॉ. सृष्टि धवन को महासचिव का दायित्व सौंपा गया। यह निर्णय निवर्तमान अध्यक्ष और महासचिव के आईएएस संवर्ग में प्रोन्नत होने तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष के सेवानिवृत्त होने के बाद लिया गया।बैठक में यह भी तय किया गया कि एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) श्रावण माह के बाद आयोजित की जाएगी। सावन और कांवड़ यात्रा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए फिलहाल एजीएम टालने का निर्णय लिया गया है। नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।कार्यकारिणी ने भविष्य में बार-बार पद रिक्त होने की स्थिति से बचने के लिए प्रस्ताव रखा कि आगामी चुनाव में 2014 बैच या उसके बाद के पीसीएस अधिकारियों को चुनाव लड़ने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा। एजीएम और चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए निर्वाचन समिति का भी गठन होगा, जिसमें वर्ष 2013 से अब तक प्रत्येक बैच का एक प्रतिनिधि शामिल रहेगा।एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि संगठन के संविधान के अनुसार अध्यक्ष और महासचिव के पदों पर की गई नियुक्तियां पूर्ण अधिकारों के साथ हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक सूचनाओं से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील भी की गई।