
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। फलों के राजा आम का निर्यात प्रयागराज से शुरू हो गया है। शुक्रवार को चौसा आम की पहली खेप कतर के लिए रवाना की गई। 1180 किलो आम लखनऊ एयरपोर्ट से कार्गो विमान के जरिए भेजे गए, जो करीब चार घंटे में कतर पहुंचेंगे। इसके बाद अन्य देशों में भी निर्यात की तैयारी की जा रही है।यह निर्यात मैस ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के संचालक अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण शुरुआत में ऑर्डर नहीं मिल रहे थे, लेकिन हालात सामान्य होने के बाद कतर से एक टन आम का पहला ऑर्डर प्राप्त हुआ।निर्यात के लिए चुने गए चौसा आम प्रतापगढ़ के मानिकपुर क्षेत्र स्थित जसौली गांव के बगीचों से खरीदे गए। गुणवत्ता जांच में मानकों पर खरे उतरने के बाद इन्हें लखनऊ स्थित मैंगो पैक हाउस ले जाकर छंटाई, परीक्षण और पैकिंग की गई। प्रत्येक आम का वजन 250 से 300 ग्राम रखा गया और तीन-तीन किलो के डिब्बों में पैक कर एयरपोर्ट भेजा गया।कार्गो विमान से आम भेजने का किराया लगभग 215 रुपये प्रति किलो है, जबकि परिवहन, छंटाई और पैकिंग का खर्च अलग है। इसी वजह से आम का निर्यात अपेक्षाकृत महंगा पड़ता है।चौसा आम अपनी मिठास, रसीले गूदे, बिना रेशे और तेज खुशबू के लिए प्रसिद्ध है। पकने पर इसका रंग सुनहरा पीला हो जाता है और इसे चूसकर खाने का स्वाद सबसे अधिक पसंद किया जाता है।