
Pardarshi Vikas News Prayagraj
करछना क्षेत्र स्थित पचदेवरा हॉल्ट के पास बुधवार शाम दर्दनाक रेल हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कालका मेल अचानक रुकने के बाद कई यात्री ट्रेन से उतरकर पटरियों पर चले गए। इसी दौरान तेज रफ्तार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई और चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में कोलकाता निवासी अजय और उनके ममेरे भाई आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। अजय की पत्नी पूजा ने बताया कि वे तीनों शादी समारोह में शामिल होने कोलकाता जा रहे थे। ट्रेन रुकने पर अजय और आकाश नीचे उतरकर देखने गए थे। कुछ देर बाद वे लौट आए, लेकिन ट्रेन चलने में देरी होने पर दोबारा नीचे उतर गए। तभी दूसरी ट्रेन आ गई और दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला।
पूजा ने रोते हुए बताया कि उनकी आंखों के सामने पति और देवर ट्रेन से कट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस पहुंची तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतकों में तीसरे युवक की पहचान मिर्जापुर निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो प्रयागराज में रेलवे अप्रेंटिसशिप ज्वाइन कर घर लौट रहे थे। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि कालका मेल से पहले एक यात्री बलिराम भगत गिर गए थे, जिसके कारण ट्रेन रोकी गई थी। उसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।