
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के मेजारोड क्षेत्र में शनिवार को टोंस नदी में नहाने के दौरान चार युवक डूब गए। हादसा बलुआ गांव स्थित घाट पर हुआ, जहां स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एक युवक पीयूष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नैनी एडीए निवासी सनी (12), आयुष (8) और आदित्य (25) के रूप में हुई है। बताया गया कि चारों दोस्त घाट पर पार्टी करने पहुंचे थे और नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर दीनदयाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य चलाया गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।