
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो छोटे भाइयों ने मिलकर अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना शनिवार सुबह बादलपुर गांव में हुई। मृतक संतोष कुमार विश्वकर्मा (45) उसी सुबह मुंबई से घर लौटे थे। वारदात के दौरान बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी अर्चना भी घायल हो गईं। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।संतोष मुंबई में फर्नीचर का काम करते थे। परिवार की पुश्तैनी जमीन करीब 4 विश्वा है, जिसे लेकर लंबे समय से भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि संतोष के छोटे भाई अशोक और विनोद बिना बंटवारे के मकान बनवा रहे थे। संतोष ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।परिजनों के अनुसार, गाली-गलौज के बाद दोनों भाइयों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में संतोष का सिर धड़ से अलग हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी अर्चना पर भी हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल अर्चना का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अर्चना की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में अशोक कुमार, विनोद कुमार, उनकी पत्नियां और एक अन्य सदस्य शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।