
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की सीलिंग कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि पीडीए की टीम ने एक मकान को सील कर दिया, जबकि उस समय घर के अंदर 18 साल की लड़की मौजूद थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।वीडियो में घर के अंदर से एक लड़की खिड़की से झांकती दिखाई दे रही है। घर के बाहर सीलिंग का बोर्ड लगा है और हिस्सा फीते से बंद किया गया है।मकान मालिक संजय कुमार शेखर का आरोप है कि बुधवार शाम पीडीए की टीम ने कार्रवाई की, जबकि उनकी पत्नी बेटे की परीक्षा दिलाने गई थीं और बेटी घर के अंदर थी। वापस आने पर परिवार ने मकान सील पाया।संजय ने बताया कि उनकी बेटी अंदर बंद हो गई थी। बाद में पड़ोसी के घर से रास्ता मिलने पर बाहर आने-जाने की व्यवस्था हुई।
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पीडीए की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे अमानवीय बताते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
पीडीए ने दी सफाई
पीडीए जोन-1 के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह ने बताया कि मकान नजूल भूमि पर बना है और बिना स्वीकृति निर्माण किया जा रहा था। नोटिस के बाद भी काम जारी रहने पर 17 जून को सीलिंग की कार्रवाई की गई।उन्होंने दावा किया कि सीलिंग के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि लोग पीछे के रास्ते से अंदर गए हैं। पीडीए ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।