
पहली किस्त के इंतजार में लाभार्थी
ललित कुमार/वेद प्रकाश
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। शासन की ओर से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत आवासों का जनपदवार आवंटन कर दिया गया है।शासन की ओर से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से स्वीकृति 2 सितंबर को जारी की गई थी। एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, अमेठी जिले में आवासों का आवंटन नहीं हुआ है। मुख्य मंत्री आवास योजना के अन्तर्गत दैवी आपदा पीड़ितों और अन्य गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास भी नहीं मिल पा रहे हैं।जनपद में पिछले दो सालों से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत आवासों का वितरण बंद है।लोक सभा चुनाव के पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के जनसंवाद के कार्यक्रमों में हर विधानसभा से सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पीएम आवास के लिए प्रार्थना पत्र दिए थे। स्मृति ईरानी के निर्देश पर प्रार्थना पत्रों की जांच कराने के बाद जांच रिपोर्ट और पात्र लाभार्थियों की सूची ब्लाक/ग्राम पंचायत स्तर पर सुरक्षित रखी गई थी।इस सूची के किसी भी लाभार्थी को अभी तक आवास नहीं मिला है। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के सर्वे के दौरान लाभार्थियों को स्वयं भी अपना रजिस्ट्रेशन करने की छूट दी गई थी। सूत्रों का कहना है कि,120000रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। अभी तक लाभार्थियों को आवास नहीं मिल पाए हैं।दो सितंबर को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की ओर से योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है।वर्ष 2026-27 की प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों के लिए जिलेवार आवंटन सूची को स्वीकृति प्रदान की। प्रथम चरण में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए 5 लाख 56 हजार 634 आवासों को स्वीकृति दी गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से प्रदेश के लाखों गरीब एवं वंचित परिवारों के अपने पक्के आवास के सपने को साकार होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत प्रयागराज जनपद के ग्रामीण निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों को विशेष सौगात देते हुए 17,004 (सत्रह हजार चार) पक्के आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रत्येक ग्रामीण अंचल में पात्र लाभार्थियों को गरिमापूर्ण एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना डबल इंजन सरकार का दृढ़ संकल्प है।पूरे प्रदेश के ग्रामीण निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए 6.18 लाख लक्ष्य का 90% (5,56,634) लक्ष्य का आवंटन ग्राम पंचायतवार कर दिया गया है। जिलेवार आवंटन में सीतापुर को 47,160, सोनभद्र को 35,412, बहराइच को 27,229, खीरी को 24,139, प्रतापगढ़ को 23,092, बांदा को 21,673, प्रयागराज को 17,004, मिर्जापुर को 16,109, सुल्तानपुर को 16,032, जौनपुर को 15,253, बाराबंकी को 15,124, हरदोई को 14,871, अमेठी को 14,414, रायबरेली को 13,464, फतेहपुर को 13,207, गोंडा को 12,348 और शाहजहांपुर को 11,308, आजमगढ़ को 10,824 आवास सहित 75 जनपदों को 5 लाख 56 हजार 634 आवासों को स्वीकृति प्रदान की गयी।
निर्धनतम परिवारों को भी नहीं मिले आवास
जिले में जीरो पावर्टी सर्वे के अन्तर्गत सामने आए सभी निर्धनतम परिवारों को भी आवास नहीं मिल पाए हैं। बारिश के दौरान बेघर हुए लोगों को डिप्टी सीएम की ओर से मुख्यमंत्री आवास दिए जाने की चर्चा जिले में हर जगह है। अमेठी की खंड विकास अधिकारी दिव्या सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 114लाभार्थियों की सूची विकास भवन भेजी गई है , अभी धनावंटन नहीं हुआ है