news-details

प्रधानों ने कार्यकाल बढ़ाने की उठाई मांग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी
ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने से पहले प्रधानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कार्यकाल विस्तार की मांग की। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रधानों ने जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रधानों का कहना है कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। मतदाता सूची पुनरीक्षण, पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन और ट्रिपल टेस्ट जैसी प्रक्रियाएं लंबित हैं, जिससे समय पर चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है।उन्होंने प्रशासक व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता और विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। प्रधानों ने मांग की कि पंचायतों का कार्यकाल कम से कम एक वर्ष बढ़ाया जाए ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए। प्रधानों का मानना है कि निर्वाचित ग्राम प्रधान सीधे जनता से जुड़े होते हैं और क्षेत्र की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं। जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय रहती है, जिससे विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहती है। उन्होंने अन्य राज्यों का भी हवाला दिया जहां समान परिस्थितियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों से ही कार्य कराया गया। प्रधान संघ ने प्रशासनिक पारदर्शिता और ग्रामीण विकास को ध्यान में रखते हुए पंचायतों का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाने की मांग दोहराई। इस दौरान प्रधान ललित सिंह, तीरथ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।