
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। ग्राम सभा पतया में जनसहयोग और सक्रिय नेतृत्व की बदौलत जला हुआ ट्रांसफार्मर मात्र 24 घंटे के भीतर बदल दिया गया। इससे गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और भीषण गर्मी से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे गांव की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई थी। समस्या की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान समीउल्लाह खान ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर त्वरित कार्रवाई की मांग की। वहीं विद्युत विभाग के लाइनमैन गौतम कुमार ने भी विशेष तत्परता दिखाते हुए ट्रांसफार्मर बदलवाने और बिजली आपूर्ति बहाल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस कार्य में गांव के युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। विशेष रूप से ज़ाहिद अंसारी, चुंबूल शेख सहित गांव के कई नौजवानों ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई और विभागीय कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को तेजी से पूरा कराने में योगदान दिया।प्रधान, लाइनमैन और ग्रामीण युवाओं के संयुक्त प्रयास का ही परिणाम रहा कि महज 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। बिजली आने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला और लोगों ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम प्रधान समीउल्लाह खान की सक्रियता, लाइनमैन गौतम कुमार की मेहनत तथा गांव के युवाओं की एकजुटता ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास से किसी भी समस्या का समाधान शीघ्र संभव है। गांववासियों ने सभी के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनसेवा और सामाजिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।