
पारदर्शी विकास ब्यूरो महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय से गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और शिकायतों के समाधान में सहभागी बने। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों से सीधे संवाद किया तथा प्रत्येक मामले के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके। उन्होंने जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा जवाबदेह पुलिसिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया।एसपी ने कहा कि महोबा पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीक के माध्यम से लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है।