
संजीव भारती
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ/अमेठी ।भ्रष्टाचार के मामलों के साथ अन्य कई मामलों को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में सी बी आई की टीमों ने छापामार कार्रवाई शुरू की है। अमेठी जिले में बेसिक शिक्षा के वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में साढ़े चार करोड़ रुपए के बड़े घोटाले की जांच के लिए सी बी आई की आठ टीमें रेड कर रही हैं।सी बी आई ने बुधवार को कई लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।सी बी आई की छापेमारी से ट्रेज़री आफिस ,बी एस ए और लेखा कार्यालय में हड़कंप का माहौल है। बुधवार को सी बी आई की 15टीमों ने सुबह अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़, कुशीनगर, अयोध्या में छापामारी शुरू की। अमेठी मे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में हुए बड़े घोटाले को लेकर सी बी आई की कार्रवाई सबसे अधिक सुर्खियों में है। अमेठी में वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में शिक्षकों के अवशिष्ट और अन्य भुगतानों को लेकर हुए बड़े घोटाले का प्रकरण लगभग डेढ़ साल से चल रहा है। ट्रेज़री आफिसर की संलिप्तता के कारण जिला प्रशासन की ओर से किए गए तमाम प्रयासों के बाद भी प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई। पिछले महीने हाईकोर्ट ने साढ़े चार करोड़ रुपए के बड़े घोटाले की जांच के लिए ही सी बी आई को मामला सौंप दिया। घोटाले के अन्तर्गत कई लोगों के खाते में भारी भरकम रकम भेजी गई है।यह धनराशियां क्यों और कैसे भेजी गईं सी बी आई की जांच इसी बिंदु पर केंद्रित बताई जा रही है। वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में घोटाले का प्रकरण पिछले दो साल से चल रहा है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ इस मामले को लेकर जिलाधिकारी और शासन को कई पत्र लिख चुका है।
शिक्षा विभाग में घोटाले की जांच तेज, सीबीआई की आठ टीमों ने अमेठी समेत कई जिलों में की छापेमारी
अमेठी। बुधवार को सीबीआई की 8 टीमों ने अमेठी सहित प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की।सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की यह कार्रवाई डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में की जा रही है। अमेठी में टीमों ने लोधवरिया, पूरे यदुराम पांडेय सहित कई स्थानों पर पहुंचकर मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई। इसके अलावा सीबीआई टीम गौरीगंज कोतवाली भी पहुंची, जहां अधिकारियों ने दर्ज मुकदमे और जांच से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त की।बताया जाता है कि बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में तैनात कर्मचारियों द्वारा बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। जांच में सामने आया कि सरकारी धनराशि का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए विभिन्न खातों में रकम स्थानांतरित की गई। मामला सामने आने के बाद लेखाधिकारी की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। इसी क्रम में अमेठी के अलावा लखनऊ, प्रतापगढ़, कुशीनगर और अयोध्या समेत कई जिलों में भी छापेमारी और पूछताछ की कार्रवाई की गई।सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग में हुए इस बहुचर्चित घोटाले को लेकर प्रशासनिक और शैक्षिक हलकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।