
Pardarshi Vikas News Amethi
जिले में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता ने यह दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एडवाइजरी में आमजन से अपील की गई है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और बाहर निकलते समय सिर व शरीर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। घरों में गर्म हवाओं से बचाव के लिए खिड़कियों पर परदे लगाने और रिफ्लेक्टर या गत्ते का उपयोग करने की सलाह दी गई है।लू से बचाव के लिए लोगों को लस्सी, छाछ, नींबू पानी, बेल का शरबत और ओआरएस जैसे पेय पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई है, ताकि शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी न हो।प्रशासन ने बताया कि लू लगने के लक्षणों में तेज बुखार, चक्कर, उल्टी और कमजोरी शामिल हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की गई है।एडवाइजरी में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और श्रमिकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।