
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर।उत्तर प्रदेश विधान परिषद की “प्रश्न एवं सन्दर्भ समिति” के सभापति ध्रुव कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। समिति के अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत देवरिया एवं कुशीनगर जनपद के विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं और प्रगति की गहन समीक्षा की गई।बैठक में कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, देवरिया की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल तथा पुलिस अधीक्षकगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास, विद्युत, परिवहन, आबकारी एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभागवार प्रस्तुत आख्या के आधार पर योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और कमियों का परीक्षण किया गया।शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मान्यता, शुल्क नियंत्रण, मिड-डे-मील व्यवस्था, पेयजल और विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ शिक्षकों की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया गया। समिति ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही आरटीई योजना, फीस संरचना और अन्य आवश्यक सूचनाओं को विद्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करना अनिवार्य किया जाए। निजी विद्यालयों की जांच के लिए समिति गठित कर एक माह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मेडिकल कॉलेज, सीएचसी और पीएचसी में रिक्त पदों, दवाओं की उपलब्धता और जांच सुविधाओं पर चर्चा हुई। समिति ने निर्देश दिया कि चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ किया जाए तथा मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाए। आवश्यकता पड़ने पर सेवानिवृत्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की संविदा पर नियुक्ति करने पर भी जोर दिया गया।आबकारी विभाग को अवैध शराब की रोकथाम और मानकों के पालन पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चालकों और परिचालकों का सत्यापन कराने को कहा गया