
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कानपुर के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।मृतकों की पहचान 22 वर्षीय अनुज पाल उर्फ हनी और 22 वर्षीय नीतीश शर्मा के रूप में हुई है। दोनों 4 जुलाई की रात बाइक से घर से निकले थे। अनुज ने परिजनों से लखीमपुर कार्यालय के काम से जाने की बात कही थी, जबकि नीतीश ने पटना परीक्षा देने की जानकारी दी थी।नीतीश कल्याणपुर की शिवपुरी कॉलोनी का निवासी था। वह एक मोबाइल दुकान पर काम करने के साथ एलएलबी की पढ़ाई भी कर रहा था। वहीं अनुज के पिता बेसिक शिक्षा विभाग में संविदा कर्मचारी हैं और अनुज भी संविदा पर कार्यरत था।सोमवार को घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन लखनऊ पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।