
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दबौली में सरकारी समर्सिबल से कथित कब्जा हटवाने पहुंचे पार्षद पति पर दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने उन्हें जमीन पर गिराकर मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। दबौली वार्ड-72 की पार्षद वंदना शर्मा के पति गुंजन लाल शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सार्वजनिक समर्सिबल पर कब्जा कर रखा है। शनिवार को कब्जा हटवाने के दौरान विवाद बढ़ गया और उन पर हमला कर दिया गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की पूरी वारदात कैद बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पार्षद की तहरीर पर गोविंद नगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।डीसीपी साउथ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।