
Pardarshi Vikas News Prayagraj
करेली थाना क्षेत्र में बीच बाजार प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान (47) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार शाम बिस्मिल्ला चौराहे पर चाय की दुकान पर बैठे इरफान के पास दो बाइक से चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। एक हमलावर बाइक से उतरकर उनके सीने पर सटाकर गोली मार दी और साथी बदमाशों के साथ फरार हो गया। गंभीर हालत में इरफान को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आसिफ दुर्रानी, उसके भाई राशिद और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुर्रानी को अतीक गैंग का शूटर बताया जा रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।