
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर संजय उर्फ संजीव को STF ने मुठभेड़ में मार गिराया। शनिवार तड़के करीब 4 बजे इंदिरा नहर रोड के पास पुलिस ने उसकी घेराबंदी की थी। इस दौरान आरोपी ने STF टीम पर कार्बाइन से फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, संजीव पर प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या का आरोप था। 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में संजीव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।STF को सूचना मिली थी कि संजीव किसी वारदात की योजना बनाने के लिए लखनऊ आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी की। बाइक से आते समय पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने बाइक रोककर झाड़ियों की आड़ से फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गोली एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। इसके बाद संजीव ने बैग से कार्बाइन निकालकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने बाइक, बैग, हेलमेट और हथियार बरामद किए हैं।जांच में सामने आया कि संजीव कई जिलों में दर्ज मुकदमों वाला अपराधी था और पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका था। पुलिस के अनुसार, वह गैंग से जुड़ा हुआ था और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देता था।वहीं, प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है। परिजनों ने फरार आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।