
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में एसटीएफ और पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं हुई थी, बल्कि करीब पांच महीने पहले जमीन विवाद के बाद इसकी साजिश रची गई थी।पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता प्रॉपर्टी डीलर दिनेश कुमार यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 5 लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटर अभी फरार हैं।एसटीएफ के अनुसार, काकोरी क्षेत्र में गाटा नंबर-464 की जमीन को लेकर संदीप सिंह और दिनेश यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दिसंबर 2025 में दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद मामला और बढ़ गया था, जिसके बाद FIR भी दर्ज हुई थी।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिनेश यादव ने संदीप को रास्ते से हटाने की साजिश पहले ही तैयार कर ली थी। ड्राइवर मुबीन ने इस साजिश में अहम भूमिका निभाई और शूटरों से संपर्क कर उन्हें लखनऊ बुलाया। इसके बाद करीब 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय हुई।वारदात से पहले शूटरों ने कई दिनों तक इलाके की रेकी की और संदीप सिंह की दिनचर्या व रूट की जानकारी जुटाई। इसके लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक का भी इस्तेमाल किया गया।एसटीएफ को एक पुराना वीडियो भी मिला है, जिसमें जमीन विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धमकी भरे शब्द सुनाई देते हैं। इसी विवाद ने आगे चलकर हत्या का रूप ले लिया।पुलिस ने बताया कि वारदात वाले दिन दोनों साजिशकर्ता खुद को बचाने के लिए लखनऊ से बाहर चले गए थे। गोली मारकर हत्या करने के बाद शूटरों ने उन्हें सूचना दी थी।फिलहाल पुलिस फरार शूटरों और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का पूरी तरह खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।