news-details

पुराने मकान का मलबा बना काल!

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। रविन्द्र नगर धुस थाना क्षेत्र के चौपरिया गांव में बुधवार सुबह पुराने मकान का ध्वस्तीकरण करते समय बड़ा हादसा हो गया। अचानक दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिरने से वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल नए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक मजदूर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गौरूल पुत्र नबीस के पुराने मकान को बुधवार सुबह करीब 10 बजे गिराया जा रहा था। इसी दौरान मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया और वहां कार्य कर रहे कटनवार जंगल बनवीरपुर निवासी सुभाष (45) पुत्र उदित तथा भीम (30) पुत्र मुन्ना मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।चिकित्सकों के अनुसार, सुभाष के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं, भीम के बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।घटना के बाद जिला अस्पताल में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब इलाज के दौरान मकान मालिक से जुड़े कुछ लोगों पर मामले को दबाने का आरोप लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ध्वस्तीकरण में कथित लापरवाही को लेकर सवाल उठाने वालों और कुछ लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान का ध्वस्तीकरण पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना कराया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।रविन्द्र नगर धुस थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।